मोदी सरकार, राहुल गांधी से डरती है, वे हर रोज संविधान के लिए लड़ते हैं
आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सुवर्ण विधान सौध में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण किया और साथ ही ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। प्रियंका गांधी ने इसी अवसर पर भाषण देते हुए भाजपा को अनेक मुद्दों पर आड़े हाथ लिया।
मोदी सरकार के लोग राहुल गांधी जी को देखकर कांपते हैं
प्रियंका गांधी ने कहा, “मोदी सरकार, राहुल गांधी से डरती है। मेरे बड़े भाई राहुल जी हर रोज संविधान के लिए लड़ते हैं। वे इसके लिए जान देने को तैयार हैं। जब राहुल गांधी संसद में आपकी आवाज उठाते हैं, तब मोदी सरकार संसद को रद्द करने की कोशिश करती है, क्योंकि वो उनसे डरती है। मोदी सरकार के लोग राहुल गांधी जी को देखकर कांपते हैं, क्योंकि वे सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं। ये लोग राहुल जी के ऊपर तमाम केस लगा रहे हैं, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं।”
हम संविधान के लिए मरने को तैयार हैं
रायबरेली से सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, “हमारी विचारधारा RSS-BJP की तरह कायरों की विचारधारा नहीं है। हमारी विचारधारा संविधान है, हम इसके लिए मरने को तैयार हैं। हम लोगों को न्याय और समानता दिलाने के लिए, लोकतंत्र की रक्षा के लिए मर मिटने को तैयार हैं। हमारी परंपरा शहीदों की परंपरा है। हमारी परंपरा जेल से चिट्ठी लिखने वालों की नहीं है।”
संविधान और बाबा साहेब का खुलेआम अपमान
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा, “जब तमाम देशवासी स्वतंत्रता संग्राम में शामिल थे, तब एक और विचारधारा इस देश में उभर रही थी। इसी विचारधारा ने उस समय भी संविधान का अपमान किया और संविधान के खिलाफ अभियान चलाया। जब बाबा साहेब ने महिलाओं के अधिकारों की बात की, तब RSS के लोगों ने अंबेडकर जी के पुतले जलाए थे। BJP इसी RSS की विचारधारा से पैदा हुई है, इसीलिए आज BJP के लोग हमारे संविधान और बाबा साहेब का खुलेआम अपमान कर रहे हैं।”
चुनाव आयोग को शक्तिहीन बना दिया
प्रियंका गांधी ने कहा, “BJP-RSS के लोग संविधान विरोधी हैं, क्योंकि वे आरक्षण को कमजोर करना चाहते हैं। BJP के लोग सामाजिक न्याय के खिलाफ बयान देते हैं। न्यायपालिकाओं और RTI जैसे कानूनों को कमजोर करते हैं। BJP ने SEBI के कानून को बदला ताकि भ्रष्टाचार बढ़ सके। लोकपाल बिल को कमजोर किया और चुनाव आयोग को शक्तिहीन बना दिया।”
तीन काले कानून
प्रियंका गांधी ने आगे कहा, “BJP की सरकारें महिलाओं के साथ अपराध होने पर अपराधियों को बचाती हैं। इन्होंने लेबर लॉ बदलकर मजदूरों के हक छीने। तीन काले कानून लाए, जिसके विरोध में किसानों ने आंदोलन किया, उसमें 700 से ज्यादा किसान शहीद हो गए, लेकिन BJP सरकार पीछे तब हटी, जब चुनाव आए।”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा भाजपा सरकार पर उठाए गए सवालों को लेकर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें। इस तरह के ताजा समाचार पाने के लिए हमारी वेबसाइट को ध्यान में रखें।