डॉ. मनमोहन सिंह जी का वर्तमान सरकार ने अपमान किया है
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने डॉ मनमोहन सिंह जी के अंतिम संस्कार को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। राहुल गांधी ने X पर लिखा, “भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार आज निगमबोध घाट पर करवाकर वर्तमान सरकार द्वारा उनका सरासर अपमान किया गया है। एक दशक के लिए वह भारत के प्रधानमंत्री रहे, उनके दौर में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा है।”
डॉ. मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान और समाधि स्थल के हकदार हैं
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने X पोस्ट में आगे लिखा, “आज तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का आदर करते हुए उनके अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों में किए गए ताकि हर व्यक्ति बिना किसी असुविधा के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दे पाए। डॉ. मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान और समाधि स्थल के हकदार हैं। सरकार को देश के इस महान पुत्र और उनकी गौरवशाली कौम के प्रति आदर दिखाना चाहिए था।”
मनमोहन सिंह जी की शख्सियत, उनकी विरासत के साथ न्याय नहीं
प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी केंद्र सरकार को घेरते हुए X पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी के अंतिम संस्कार के लिए यथोचित स्थान न उपलब्ध कराकर सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री के पद की गरिमा, मनमोहन सिंह जी की शख्सियत, उनकी विरासत और खुद्दार सिख समुदाय के साथ न्याय नहीं किया। इससे पहले सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों को सर्वोच्च सम्मान और आदर दिया गया था।”
जगह के अभाव में आम जनता परेशान
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने X पोस्ट में आगे लिखा, “मनमोहन सिंह जी इस सम्मान और समाधि स्थल के हकदार हैं। आज पूरी दुनिया उनके योगदान को याद कर रही है। सरकार को इस मामले में राजनीति और तंगदिली से हटकर सोचना चाहिए था। आज सुबह डॉ मनमोहन सिंह जी के परिवारजनों को चिता स्थल पर जगह के लिए मशक्कत करते, भीड़ में जगह पाने की कोशिश करते और जगह के अभाव में आम जनता को परेशान होते और बाहर सड़क से ही श्रद्धांजलि देते देखकर यह महसूस हुआ।”
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा डॉ मनमोहन सिंह जी के अंतिम संस्कार के मुद्दे को लेकर उठाए गए सवालों को लेकर आप क्या राय रखते हैं, हमें कॉमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें। इस तरह की ताजा न्यूज अपडेट पाने के लिए हमारी वेबसाइट को ध्यान में रखें।