कांग्रेस और गठबंधन की सरकार में महिलाओं को सशक्त बनाने का काम
आगामी चुनाव को लेकर झारखंड की मंत्री दीपिका पांडे ने भारतीय जनता पार्टी को घेरते हुए कहा, “कांग्रेस जुमले की नहीं, जरूरतमंदों की पार्टी है। जहां भी कांग्रेस की सरकार है- चाहे हिमाचल, कर्नाटक हो या फिर गठबंधन में हो, वहां महिलाओं को केंद्र में रखते हुए उनके सशक्तिकरण के लिए काम किया जा रहा है।”
‘लाडली’ शब्द से योजना देने वाली पहली मुख्यमंत्री शीला दीक्षित
दीपिका पांडे सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे कहा, “देश को ‘लाडली’ शब्द से योजना देने वाली पहली मुख्यमंत्री शीला दीक्षित जी थीं। उन्होंने अपनी सरकार में यह सुनिश्चित किया था कि कोई भी बच्ची अगर अस्पताल में पैदा होती है, तो उसे सरकार की तरफ से 11,000 रुपए और अगर अस्पताल में पैदा न हुई हो तो 10,000 रुपए दिए जाएंगे। इसी क्रम में उन्होंने 1 से लेकर 12वीं कक्षा तक लड़कियों की शिक्षा के लिए 25,000 रुपए देने का ऐलान किया था।”
कांग्रेस पार्टी और गठबंधन ने महिलाओं को सशक्त बनाने का काम किया
कांग्रेस नेता दीपिका पांडे ने कहा, “साथ ही उन्होंने बुजुर्ग, दिव्यांग और एकल महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा के लिए 600 रुपए से शुरू कर 1500 रुपए तक दिए थे। ऐसे ही हिमाचल सरकार महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपए की सहयोग राशि दे रही है। कर्नाटक में भी कांग्रेस सरकार महिलाओं को प्रतिमाह 2,000 रुपए दे रही है। तेलंगाना सरकार भी महिलाओं को स्वतंत्र करने के लिए ट्रांसपोर्टेशन योजना और आवास दे रही है। जहां भी कांग्रेस पार्टी और गठबंधन की सरकार है, वहां महिलाओं को सशक्त बनाने का काम किया जा रहा है।”
BJP की प्राथमिकताओं में महिलाएं नहीं
झारखंड मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने आगे कहा, “BJP की प्राथमिकताओं में महिलाएं नहीं हैं, महंगाई की मार से महिलाएं जूझ रही हैं, लेकिन सरकार का इस पर कोई ध्यान नहीं है। आज दिल्ली की सरकार में क्राइम रेट बढ़ता ही जा रहा है। दिल्ली में 16,000 से ज्यादा रेप हुए हैं, 30,000 से ज्यादा महिलाओं का अपहरण हुए हैं, लेकिन फिर भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।”
भाजपा सरकार पर कांग्रेस नेता दीपिका पांडे सिंह द्वारा उठाए गए सवालों को लेकर आप क्या राय रखते हैं, हमें कॉमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें। इस तरह की ताजा न्यूज अपडेट पाने के लिए हमारी वेबसाइट को ध्यान में रखें।