देश को नव सत्याग्रह की जरूरत है, क्योंकि पिछड़ों के साथ अन्याय हो रहा है
कांग्रेस पार्टी अंबेडकर जी के अपमान के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। आज कांग्रेस ने ‘नव सत्याग्रह’ बैठक की, जिसमें अंबेडकर के अपमान के मुद्दे के साथ, गृह मंत्री अमित के इस्तीफे और पिछड़े वर्गों के अधिकारों को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा ‘नव सत्याग्रह’ को 27 दिसंबर को रैली में किस तरह से आगे बढ़ाया जाएगा इस पर भी चर्चा की गई। कल रैली को ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ के नारे के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद महात्मा गांधी जी ने देश को एकजुट रखा – सुप्रिया श्रीनेत
सुप्रिया श्रीनेत ने मीडिया के सामने कहा, “हमें गर्व है कि हम उस पार्टी का हिस्सा हैं, जिसने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी और जिसके अध्यक्ष महात्मा गांधी जी रहे। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद महात्मा गांधी जी ने देश को एकजुट रखने और अंग्रेजों से आजाद कराने का खाका खींचा था। हम सभी उस ऐतिहासिक पल के शताब्दी वर्ष के मौके पर बेलगावी आए हैं।”
देश को नव सत्याग्रह की जरूरत है – सुप्रिया श्रीनेत
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने आगे कहा, “आज इस देश को नव सत्याग्रह की जरूरत है, क्योंकि देश में भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है। बाबा साहेब का अपमान किया जा रहा है और देश के दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों के साथ अन्याय हो रहा है। सत्य और साहस के बल पर खड़ी कांग्रेस पार्टी को गर्व है कि आज से 100 साल पहले महात्मा गांधी जी हमारे अध्यक्ष चुने गए थे।”
100 साल पहले कांग्रेस का 39वां अधिवेशन हुआ था – जयराम रमेश
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा, “बेलगावी में 100 साल पहले कांग्रेस का 39वां अधिवेशन हुआ था। उस अधिवेशन की अध्यक्षता महात्मा गांधी जी ने की थी। ये ऐतिहासिक जगह है। अब यहां ‘नव सत्याग्रह बैठक’ होगी। आज सत्ता में बैठे लोग देश में झूठ फैला रहे हैं। उनका काम सिर्फ संविधान का अपमान करना, लोकतंत्र को कमजोर करना रह गया है। इसीलिए, आज देश को नव सत्याग्रह की जरूरत है।”
गांधी हमारे अतीत, वर्तमान और भविष्य हैं – पवन खेड़ा
कांग्रेस के मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, “कुछ लोगों को लगता है कि गांधी इस देश के अतीत हैं। लेकिन गांधी देश के अतीत कभी नहीं हो सकते, क्योंकि गांधी हमारे अतीत, वर्तमान और भविष्य हैं। गांधी इस देश की भौगोलिक सीमाओं से कहीं ऊपर हैं। गांधी ऐसी शख्सियत हैं कि दुनिया में लोग उन्हें अपना Moral compass मानते हैं। ये हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि महात्मा गांधी जी ने भारत में जन्म लिया।”
कांग्रेस के ‘नव सत्याग्रह’ को लेकर आप क्या राय रखते हैं, हमें कॉमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें। इस तरह की ताजा न्यूज अपडेट पाने के लिए हमारी वेबसाइट को ध्यान में रखें।